13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद आई ए एस दिव्या मित्तल का इस्तीफा
यूपी के कई जिलों में छोड़ी कार्यशैली की छाप
देवरिया। 2013 बैच की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद अपनी नौकरी को अलविदा कह दिया है। अपनी सख्त कार्यशैली, नवाचार और जनसरोकारों से जुड़े कामों के लिए पहचान बनाने वाली दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में सेवाएं दीं।
दिव्या मित्तल ने संत कबीर नगर, मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया में विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद उन्हें राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनाती दी गई थी। अलग-अलग जिलों में अपने कार्यकाल के दौरान वह प्रशासनिक सक्रियता और जनहित से जुड़े फैसलों को लेकर चर्चा में रहीं।
आईआईटी-आईआईएम से लंदन तक, फिर चुनी IAS की राह
दिव्या मित्तल की शैक्षणिक और पेशेवर यात्रा भी खास रही है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई पूरी करने के बाद आईआईएम से प्रबंधन की शिक्षा हासिल की। इसके बाद उन्हें लंदन में नौकरी मिली, लेकिन विदेश में शानदार करियर का विकल्प छोड़कर उन्होंने यूपीएससी की तैयारी करने का फैसला लिया।
मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की और 2013 बैच की आईएएस अधिकारी बनीं। प्रशासनिक सेवा में करीब 13 वर्षों के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अपनी अलग कार्यशैली की पहचान बनाई।अब उनके इस्तीफे की खबर के बाद प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
