शारदा नगर पुलिस पर लगाए आरोपों का खंडन, वायरल खबर को बताया भ्रामक
मो. तलहा हसन
शारदानगर-खीरी,30 अगस्त(तरुणमित्र)। थाना शारदा नगर पुलिस, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर का खंडन किया गया है। पुलिस पक्ष ने खबर में लगाए गए आरोपों को भ्रामक, असत्य और निराधार बताया है। मामले में बताया गया कि ग्राम बड़ागांव निवासी गुलफशा की शादी अप्रैल माह में कोतवाली सदर क्षेत्र निवासी सफीक के साथ हुई थी। बाद में मायके आने के दौरान उसकी गांव निवासी एक नाबालिग युवक से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिस पर महिला थाने में समझौता भी हुआ। खंडन के अनुसार, गुलफशा के पिता द्वारा नाबालिग युवक से विवाह कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जबकि युवक के नाबालिग होने के कारण कानूनन विवाह संभव नहीं था। इसके बाद थाना शारदा नगर पुलिस को बदनाम करने के उद्देश्य से भ्रामक खबर प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
सोशल मीडिया पर युवक की कथित अवैध असलहे के साथ वायरल तस्वीर को भी संदिग्ध बताया गया है। पुलिस पक्ष का कहना है कि तस्वीर की वास्तविकता को लेकर कोई प्रमाणित आधार सामने नहीं आया है। थाना प्रभारी बृजमोहन वनमाली, उपनिरीक्षक साधना यादव और कांस्टेबल शिवम् मिश्रा पर धन लेकर मामला रफा-दफा करने के लगाए गए आरोपों को भी पूरी तरह असत्य और निराधार बताया गया है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी खबर, फोटो अथवा सोशल मीडिया पोस्ट को बिना सत्यापन साझा न करें और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही उस पर विश्वास करें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
