दुष्कर्म के आरोपी के पैर में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अंबेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र में बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीटी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को थाना भीटी क्षेत्र में बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। मामले में थाना भीटी पर अपराध संख्या 206/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान शिबू खान पुत्र रफीक खान, निवासी ग्राम लमहैया, थाना हैदरगंज का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही थी।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चन्हा से हैदरगंज की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग से गुजर रहा है। सूचना मिलते ही एसओजी और थाना भीटी पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी मोटरसाइकिल से कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्ते की ओर भागने लगा। इसी दौरान बाइक असंतुलित होकर गिर गई। आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर पैदल भागने लगा और छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भीटी भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और घटनास्थल से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।प्रकरण के संबंध में क्षेत्राधिकारी भीटी लक्ष्मीकान्त मिश्रा ने पुलिस कार्रवाई और घटनाक्रम की जानकारी दी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
