धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, बच्चों ने गुरु को दिया सम्मान

लखनऊ। मदर सेवा संस्थान की ओर से कोटवा स्थित 'चबूतरा थियेटर पाठशाला' सीटीपी में बाल एवं युवाओं के साथ शिक्षक दिवस का पर्व बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर पाठशाला के बच्चों ने अपने पूरे परिसर को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया और सामूहिक रूप से अपने गुरुजनों के प्रति आदर व कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में चबूतरा थियेटर पाठशाला के संस्थापक महेश देवा से केक कटवाया गया। बच्चों ने अपने प्रिय शिक्षक को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस मौके पर शिक्षा के महत्व पर चर्चा करते हुए देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया गया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही, देश में बालिका शिक्षा की अलख जगाने वाली माता सावित्रीबाई फुले और समाज सुधारक ज्योतिराव फुले के योगदान को भी याद कर उन्हें नमन किया गया।
मदर सेवा संस्थान के सचिव ने कार्यक्रम में मौजूद सभी बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए कलम और पैड (नोटपैड) वितरित किए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा उजाला है, इसलिए हमेशा ज्ञान हासिल करने के लिए तत्पर रहना चाहिए। इस कार्यक्रम में अंजलि, सुधीर, राजवीर, अनुज, प्रियल, सुमित, जाह्नवी, वैष्णवी, मिष्ठी, अनुष्का, आभाष, आर्यन, अभि, अभिराज, अनुराग, कृष्णा, विशाल सहित भारी संख्या में बच्चे, युवा और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
