मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स के समापन पर परेड
लखनऊ। मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स ,एमओबीसी-258 के सफल समापन पर ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज ,ओटीसी, आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ में शनिवार को कोर्स समापन परेड आयोजित की गई।
यह कोर्स आठ जून से 25 जुलाई तक सात सप्ताहों तक चला और ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज ,ओटीसी के कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षक मेजर जनरल जनरल अनुज चावला के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस कोर्स के माध्यम से युवा सशस्त्र बलों के मेडिकल और डेंटल अधिकारियों को गहन युद्धकालीन चिकित्सा सहायता प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें और वर्दीधारी मेडिकल और डेंटल अधिकारियों के रूप में तैयार हो सकें। अधिकारियों ने एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट ,एटीएलएस प्रोवाइडर कोर्स में भाग लिया। उन्हें नवीनतम तकनीकों के बारे में भी सिखाया गया जो वर्तमान पीढ़ी के युद्धों को आकार दे रही हैं।
इस पाठ्यक्रम में त्रिसेवा प्रतिनिधित्व वाली 37 महिला अधिकारियों एवं मित्र विदेशी देशों के पांच अधिकारियों सहित कुल 127 अधिकारी शामिल थे। परेड को सैन्य परंपराओं के साथ आयोजित किया गया। कोर्स समापन परेड की समीक्षा आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ के कार्यवाहक कमांडेंट एवं प्रभारी रिकॉर्ड्स मेजर जनरल कंवरजीत सिंह ने की।
कैप्टन शिवम अग्रवाल को पाठ्यक्रम का सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी चुना गया और उन्हें कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी से सम्मानित किया गया जबकि कैप्टन साहिल ठाकुर को फील्ड स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ अधिकारी चुने जाने पर मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया। इस दौरान 200 से अधिक गौरवान्वित माता-पिता और पाठ्यक्रम अधिकारियों के रिश्तेदारों के साथ बड़ी संख्या में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा अधिकारियों ने परेड देखी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
