12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा वादों का निस्तारण
बदायूं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 12 सितंबर को जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का आयोजन सुबह 10 बजे से जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूं की अध्यक्षता में किया जाना सुनिश्चित किया गया है।
सिविल जज (सीडि.)/त्वरित न्यायाधीश एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूं अंकित रस्तोगी ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जा रही है।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत राजवीर सिंह तथा प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी की ओर से संबंधित प्रशासनिक, पुलिस एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात तथा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी शामिल रहे।
बैठक में अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर उनके निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों से कहा गया कि जनसामान्य को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी देकर अधिकाधिक प्री-लिटीगेशन विवादों को नियत कराया जाए तथा आपसी सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण कराने का यथासंभव प्रयास किया जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
