बाल कल्याण समिति की बैठक में बाल सुरक्षा व नशे से बचाव पर चर्चा
बदायूं। ब्लॉक उझानी, कादरचौक में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम और मादक पदार्थों से बचाव को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
जेएस हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की प्रीति चौहान ने नशे के विरुद्ध अभियान के तहत मादक पदार्थों से बच्चों को दूर रखने की अपील की तथा साइबर सुरक्षा और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। वन स्टॉप सेंटर की प्रतीक्षा मिश्रा ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में बताया। परियोजना समन्वयक कमल शर्मा ने महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 की जानकारी दी। सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह ने पॉश एक्ट तथा बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप और निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ लेने की अपील की।
जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके खिलाफ विधिक कार्रवाई के प्रावधानों और बाल विवाह से होने वाली परेशानियों के बारे में बताया गया। संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने मिशन वात्सल्य योजना, बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास तथा बाल श्रम और भिक्षावृत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी बच्चे को समस्या होने पर 1098 पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रशान्त सिंह राठौर, चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सहायक पंचायत अधिकारी हेमेन्द्र कुमार, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, डीएमसी एचईडब्लू छवि वैश्य, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह, जेएस एचईडब्लू प्रीति चौहान एवं बाल परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
