बीएसए का 10 स्कूलों में निरीक्षण, पूरे स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी
164 बच्चों में से सिर्फ 100 बच्चों की उपस्थित पर जताई नाराजगी
मनोज शर्मा, बाराबंकी संवाददाता
रामनगर/बाराबंकी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नवीन कुमार पाठक ने सोमवार को रामनगर विकास खंड के 10 सरकारी स्कूलों का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बहुत कम मिली। इस पर बीएसए ने नाराजगी जताई और सभी स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया। बीएसए सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय तेलियानी पहुंचे। यहां 164 बच्चों में से सिर्फ 100 उपस्थित थे।
प्राथमिक विद्यालय तेलियानी में 77 में से 52 बच्चे मौजूद थे। इस स्कूल में जाली लगाने की जरूरत थी, लेकिन वह नहीं लगी मिली। इस पर भी नोटिस जारी किया गया। कम्पोजिट विद्यालय पूरेजवर में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका वंदना सिंह गैरहाजिर मिलीं। इस स्कूल में 149 बच्चों में से केवल 62 उपस्थित थे, और उनमें से ज्यादातर बिना ड्रेस के थे।
रिकॉर्ड देखने पर पता चला कि बच्चों का नामांकन लगातार घट रहा था। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका को गैरहाजिरी के लिए और बाकी स्टाफ को लापरवाही के लिए नोटिस दिया गया। इसके बाद बीएसए प्राथमिक विद्यालय पूरेभगई पहुंचे। यहां शिक्षक रमेशचंद्र कश्यप गैरहाजिर थे। स्कूल में सिर्फ 22 बच्चे मौजूद थे। इस शिक्षक को भी नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान अन्य स्कूलों में भी बच्चों की उपस्थिति कम पाई गई। प्राथमिक विद्यालय चुरलिया में 50 में से 33 बच्चे, प्राथमिक विद्यालय तिलोकपुर प्रथम में 114 में से 70 बच्चे, प्राथमिक विद्यालय निजामपुर में 77 में से 62 बच्चे, प्राथमिक विद्यालय तिवारीपुरवा में 37 में से 16 बच्चे और प्राथमिक विद्यालय मसूदपुर में 50 में से 45 बच्चे उपस्थित थे।
सबसे खराब हालत उच्च प्राथमिक विद्यालय तिलोकपुर की थी। यहां 224 बच्चों में से केवल 78 बच्चे ही मौजूद थे। इस पर बीएसए ने बहुत नाराजगी जताई और सभी स्टाफ को कारण बताओ नोटिस दिया। निरीक्षण के बाद बीएसए ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नामांकित बच्चों की सौ प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था सुधारी जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
