जाली नोट और मिलावटी शराब कारोबार का कुख्यात आरोपी गिरफ्तार
₹25 हजार का इनामी सुमित उर्फ मोनू लखनऊ पुलिस के हत्थे चढ़ा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की अपराध शाखा की स्वाट और सर्विलांस टीम तथा मड़ियांव थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जाली भारतीय मुद्रा के निर्माण और तस्करी के मामले में वांछित चल रहे ₹25 हजार के इनामी अपराधी सुमित उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी वर्ष 2023 से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुमित उर्फ मोनू पुत्र सोनेलाल निवासी बरगवां, थाना अकबरपुर, जनपद कानपुर देहात का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। वह थाना मड़ियांव में दर्ज जाली भारतीय मुद्रा के निर्माण एवं तस्करी से संबंधित मुकदमे में वांछित था। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की तलाश पुलिस की विभिन्न टीमें कर रही थीं।
ये खबर भी पढ़े : बांसी के रानी मोहभक्त लक्ष्मी घाट पर बाढ़ मॉकड्रिल, 50 मिनट में पहुंची रेस्क्यू टीम जांच में सामने आया है कि सुमित उर्फ मोनू जाली करेंसी के निर्माण और उसके अवैध व्यापार में सक्रिय रूप से शामिल था। इसके अलावा वह वर्ष 2019 में कानपुर नगर के बहुचर्चित मिलावटी शराब कांड का भी आरोपी रह चुका है। इस मामले में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी तीन बार जेल जा चुका है और उसके खिलाफ तीन अलग-अलग गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं। लखनऊ, कानपुर नगर और कानपुर देहात के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ जाली नोटों की तस्करी, मिलावटी शराब निर्माण, धोखाधड़ी, कूटरचना, गैंगस्टर एक्ट और अन्य संगठित अपराधों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अपर पुलिस उपायुक्त अपराध कार्यालय, कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी को संगठित अपराध और जाली मुद्रा के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य सहयोगियों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
