लखनऊ में फर्जी जॉब कॉल सेंटर का भंडाफोड़: देशभर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 5 शातिर गिरफ्तार
लखनऊ। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम सेल और साइबर थाना लखनऊ की संयुक्त टीम ने एक बड़े फर्जी जॉब रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी देशभर के बेरोजगार युवाओं को नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे। पुलिस ने विभूतिखंड स्थित जेएस टॉवर में संचालित कॉल सेंटर पर छापेमारी कर इस गिरोह का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का कथित मैनेजर जीशान खान, टीम लीडर सतीश पाल तथा कॉलर के रूप में काम करने वाली सोनाली चौरसिया, शिवानी वर्मा और नीलू वर्मा शामिल हैं। ये लोग अमूल, अमेजन, इन्फोसिस, फ्लिपकार्ट, मैनकाइंड, सुजुकी, पार्ले और सिप्ला जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से रजिस्ट्रेशन फीस, इंटरव्यू चार्ज और गेट पास शुल्क के नाम पर पैसे वसूलते थे।
जांच में पता चला कि आरोपी नौकरी तलाशने वाले युवाओं का डाटा विभिन्न ऑनलाइन जॉब पोर्टलों से खरीदते थे। इसके बाद कॉल सेंटर से संपर्क कर उन्हें आकर्षक वेतन वाली नौकरी का ऑफर दिया जाता था। विश्वास जीतने के लिए फर्जी जॉइनिंग लेटर, अप्रूवल लेटर और रजिस्ट्रेशन दस्तावेज व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे जाते थे। इसके बाद विभिन्न फर्जी बैंक खातों में रकम जमा कराकर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 कीपैड मोबाइल फोन, दो एंड्रॉयड फोन, एक लैपटॉप, 102 वर्क डाटा शीट और 26 फर्जी जॉइनिंग लेटर, अप्रूवल लेटर तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों की जांच में सामने आया कि इनके खिलाफ देशभर से 60 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज हैं।
इस मामले में साइबर थाना लखनऊ में विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य अज्ञात सहयोगियों और फर्जी बैंक खातों की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त लखनऊ के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
