नब्बूपुरवा में भीषण अग्निकांड,नवविवाहित बेटे के घर का सामान जलकर राख
विश्वजीत मिश्रा
पडरियातुला-खीरी,24 जून(तरुणमित्र)। थाना बिजुआ क्षेत्र के ग्राम नब्बूपुरवा में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। आग की चपेट में आकर अख्तर अली और उनके पुत्र आरिफ अली का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में शादी का सामान, नकदी, जेवरात सहित गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरिफ अली की शादी गत 29 मई को हुई थी। परिवार ने शादी के लिए रखे लगभग एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, 25 हजार रुपये नकद, दो साइकिलें तथा अन्य घरेलू सामान घर में रखा था, जो आग की चपेट में आकर जल गया। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा घर और उसमें रखा सामान राख में तब्दील हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। डायल 112 को भी सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड को सूचित किया। ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद अपने स्तर पर आग पर काबू पा लिया था।
ये खबर भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड के बाद डीएम एवं एसपी ने विभिन्न लाइब्रेरी एवं कोचिंग संस्थानों का किया औचक निरीक्षणअग्निकांड के बाद परिवार गहरे सदमे में है। नवविवाहित बेटे की शादी के महज 29 दिन बाद हुए इस हादसे ने परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से झकझोर दिया है। अख्तर अली की पत्नी अख्तरीन का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर पड़रिया पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल पंकज कुमार ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है तथा आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
