हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से डीसीएम चालक की मौत
केला खरीदने पहुंचे चालक के साथ हुआ हादसा,त्रिपाल उतारते समय करंट लगने से गई जान
राकेश यदुवंशी
निघासन-खीरी,23 जून(तरुणमित्र)। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के परमोधापुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में डीसीएम चालक की करंट लगने से मौत हो गई।चालक आढ़तियों के साथ गांव में केला खरीदने पहुंचा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आढ़ती गांव में केले की खरीद करने पहुंचे थे।उनके साथ आया डीसीएम चालक वाहन के ऊपर चढ़कर केले को ढकने के लिए बंधी त्रिपाल उतार रहा था। जिस स्थान पर डीसीएम खड़ी थी,उसके ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाइटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी।बताया जाता हैं कि त्रिपाल उतारने के दौरान चालक का संपर्क हाइटेंशन लाइन से हो गया।
तेज करंट लगते ही वह डीसीएम से नीचे गिर पड़ा।हादसा देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।आनन-फानन उसे बचाने का प्रयास किया गया।लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।पुलिस के मुताबिक डीसीएम चालक वारिस पुत्र मेड़ई निवासी उचागांव जिला खीरी का बताया जा रहा हैं।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।चालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ हैं।पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
