खेत पर चारा लेने गए युवक को जहरीले सांप ने डसा, डॉक्टरों की तत्परता से बची जान
राकेश यदुवंशी
निघासन-खीरी,22 जून(तरुणमित्र)। विकास खंड निघासन की ग्राम पंचायत अमीरखा पुरवा में खेत पर चारा लेने गए एक युवक को जहरीले सांप ने डस लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निघासन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों के प्रयास से उसकी जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अमीरखा पुरवा निवासी सज्जन पुत्र बब्बन खान (28 वर्ष) सोमवार को खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गया था। इसी दौरान घास काटते समय उसे एक जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और बिना देर किए उसे सीएचसी निघासन लेकर पहुंचे।
सीएचसी निघासन में तैनात डॉ. टी.एन. सिंह (एमबीबीएस, एमडी) एवं उनकी टीम ने युवक का तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों की काफी मशक्कत और सतत निगरानी के बाद युवक की हालत पर काबू पा लिया गया। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
डॉ. टी.एन. सिंह ने बताया कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़कर मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है,घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सीएचसी निघासन के चिकित्सकों की तत्परता और बेहतर उपचार की सराहना की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
