राम मंदिर दान प्रकरण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा, एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
लायक हुसैन
गाजियाबाद। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान एवं चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण को लेकर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गाजियाबाद को सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रकाशित खबरों के बाद करोड़ों श्रद्धालुओं और दानदाताओं के बीच चिंता और शंकाएं उत्पन्न हुई हैं।
धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान और चढ़ावा आस्था का विषय है, इसलिए इससे जुड़ी किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही जांच की प्रगति और निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाने तथा धार्मिक संस्थानों में प्राप्त दान एवं चढ़ावे के प्रबंधन के लिए अधिक पारदर्शी व्यवस्था लागू किए जाने की भी मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जनभावनाओं और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है, ताकि आमजन का विश्वास कायम रह सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सुशांत गोयल, आशुतोष गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, सिद्धार्थ अधाना, सीमा, नाजमीन, रिजवान मलिक, इरफान, धीरेंद्र, हाजी रियासत अली, रूबी मलिक, बाबूराम आर्य, अमित शर्मा, रिजवान अहमद सैफी, पुनीत इरफान, शमसुद्दीन, अनवर कुमार, सुनील शुक्ला, राजीव शर्मा, सुमित, रविंद्र बेनीवाल, मामराज प्रधान, विनोद धाम, महफूज अली सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
