लखीमपुर-खीरी,23 जून(तरुणमित्र)। तहसील निघासन क्षेत्र के ग्राम दुबहा में हाल में हुई अग्निकांड की घटना से प्रभावित परिवारों का हाल जानने मंगलवार को झंडी स्टेट के राजा एवं भाजपा नेता राज राजेश्वर सिंह पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा उन्हें राहत सामग्री वितरित की।
बताया जाता है कि गांव निवासी अवधेश पाल और रामजीवन के घरों में बीते सप्ताह अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई थी। आग की चपेट में आकर उनका घर एवं पास खड़ी गन्ने की फसल,लगभग 85 हजार रुपये नकद तथा जेवरात जलकर राख हो गए थे। घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवारों की समस्या सुनने के बाद राज राजेश्वर सिंह ने मौके पर ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से फोन पर वार्ता कर प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से मिलने वाली सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार अकेले नहीं हैं।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी आग से हुए नुकसान की जानकारी दी और प्रशासन से शीघ्र राहत दिलाने की मांग की।