लखीमपुर-खीरी,23 जून(तरुणमित्र)। ज्येष्ठ मास के पावन बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कैम्प कार्यालय खीरी परिसर में श्रद्धा,आस्था एवं सेवा भाव के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं,स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं संकटमोचन हनुमान जी की आरती कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश एवं जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलकामना की प्रार्थना की।
आरती के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने स्वयं श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद वितरित कर भंडारे का शुभारंभ कराया। भंडारे में उपस्थित लोगों ने पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा जय श्री राम और जय बजरंगबली के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रही, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम ने सेवा,सद्भाव और जनसंपर्क का एक उत्कृष्ट संदेश दिया तथा पुलिस और जनता के बीच आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत किया।