भगवंत मान के कथित वीडियो पर पंजाब में सियासी घमासान, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा
सरकार बोली- छवि खराब करने की साजिश
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित फेक वीडियो को लेकर पंजाब की राजनीति में विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर कांग्रेस ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है, वहीं राज्य सरकार और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इसे विपक्ष की साजिश और घटिया राजनीति करार दिया है।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने फोरेंसिक रिपोर्ट में कथित हेराफेरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं। विपक्ष जनता के बीच उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से अनर्गल आरोप लगा रहा है।
बलबीर सिंह ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपनी हताशा के कारण व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है। सरकार की नीतियों की आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी व्यक्ति की छवि खराब करने की कोशिश उचित नहीं कही जा सकती।
वहीं, कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने भी इस विवाद को दुर्भावनापूर्ण राजनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे मामले की सच्चाई सामने नहीं आ जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। दूसरी ओर कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनके पास इस्तीफा देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले ने पंजाब की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था, बढ़ती गैंगस्टर गतिविधियों और रंगदारी की घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। फिलहाल इस विवाद को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
