नन्हे हाथों ने गूंथीं राखियां, सरहद के वीरों तक पहुंचा बच्चों का प्यार
आर्या पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन पर कला व राखी मेकिंग प्रतियोगिता, विजेता हुए सम्मानित
कौशाम्बी। जिले के भडेसर रोड स्थित आर्या पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के डायरेक्टर इंजीनियर योगेश मौर्य एवं फाउंडर आशीष मौर्य के कुशल नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने जहां भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व मनाया, वहीं देश की सीमा पर तैनात वीर जवानों के प्रति भी अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर कला प्रतियोगिता एवं राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक ऋषि कुशवाहा ने छात्रों को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का त्योहार नहीं, बल्कि रक्षा, विश्वास और प्रेम का प्रतीक है। बच्चों द्वारा अपने हाथों से राखियां बनाकर देश की सीमा पर तैनात जवानों को भेजना उनके भीतर संस्कार और देशभक्ति की भावना को दर्शाता है।
विद्यालय के प्ले ग्रुप से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में रक्षाबंधन का पर्व मनाया। छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधी, जबकि छात्रों ने अपनी बहनों को चॉकलेट भेंट कर पर्व की खुशियां साझा कीं। बच्चों की इस मासूम और उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे विद्यालय परिसर को रक्षाबंधन के रंग में रंग दिया।
इसके बाद कक्षा एक से नौ तक के विद्यार्थियों के लिए कला एवं राखी मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कला प्रतियोगिता में कक्षा एक से पांच वर्ग में कक्षा 2बी के अयांश मौर्य ने प्रथम, कक्षा 4ए के अहान वर्मा ने द्वितीय तथा कक्षा 3बी के उत्कर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा एक से पांच की राखी मेकिंग प्रतियोगिता में येलो हाउस की कक्षा 5बी की दृष्टि प्रथम रहीं। ब्लू हाउस की कक्षा 3ए की योगिता ने द्वितीय तथा रेड हाउस की कक्षा 5ए की अमोली देवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा छह से नौ की राखी मेकिंग प्रतियोगिता में ब्लू हाउस की कक्षा सात की छवि और कक्षा आठ की कृतिका ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। रेड हाउस के कक्षा आठ के मनु मौर्य दूसरे और ग्रीन हाउस की कक्षा सात की पुष्पांजलि तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों द्वारा अपने हाथों से बनाई गई राखियों को भारत की सीमा पर तैनात वीर जवानों को भेजा गया, ताकि देश की रक्षा में उनके त्याग, समर्पण और बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट किया जा सके।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक सिंह यादव ने कहा कि यह गर्व की बात है कि विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा से सुंदर राखियां बनाने के साथ ही उन्हें देश के रक्षकों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि यही रक्षाबंधन का सच्चा संदेश है। प्रधानाचार्य ने सभी प्रतिभागियों और विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। रक्षाबंधन के पर्व पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों में भाईचारे, प्रेम, संस्कार और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
