रक्षाबंधन पर्व पर हिमाचल सरकार ने जारी किया सार्वजनिक अवकाश
महिलाओं को एचआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा
शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस बार रक्षाबंधन के मौके पर सभी सरकारी संस्थानों में छुट्टी रहेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को विधानसभा में इसकी घोषणा की। इसके बाद प्रदेश सरकार ने 28 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की अधिसूचना भी जारी कर दी है। इस फैसले से इस बार रक्षाबंधन पर सरकारी कर्मचारियों को भी अवकाश मिलेगा।
सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 28 अगस्त शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश सरकार के अधीन आने वाले सभी विभागों, बोर्ड, निगमों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना में कहा गया है कि यह अवकाश रक्षाबंधन के अवसर पर सरकारी कर्मचारियों को पर्व मनाने के लिए दिया गया है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 28 अगस्त का यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 25 के तहत सार्वजनिक अवकाश नहीं माना जाएगा।
हिमाचल में पहले रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को अवकाश दिए जाने की व्यवस्था थी। इस बार सरकार ने इसमें बदलाव करते हुए सभी सरकारी संस्थानों में छुट्टी घोषित की है। यानी रक्षाबंधन पर पुरुष सरकारी कर्मचारियों को भी अवकाश मिलेगा। छुट्टी की घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज पहले विधानसभा में की और इसके बाद इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई।
रक्षाबंधन के दिन हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी एचआरटीसी की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में कहा कि पर्व के मौके पर महिलाओं को एचआरटीसी की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को मिलेगी। सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन के दिन सरकारी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को परिवार के साथ पर्व मनाने का अवसर मिलेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
