अवैध बिल्डिंग पर कार्रवाई तो छोड़िये, फोन तक नहीं उठाते एलडीए वीसी!
एलडीए ने 2022 में किया ध्वस्तीकरण का आदेश
फ़ाइल पर कुंडली मारकर बैठ गए अधिकारी
लखनऊ। सोमवार अलीगंज इलाके में हुए अग्निकांड के बाद एलडीए के दबे हुए कारनामे एक-एक कर बाहर आ रहे हैं। कई मामलों में एलडीए पर ध्वस्तीकरण का आदेश करने के बाद भी कार्रवाई न करने का मामला सामने आया है। आरटीआई एक्टिविस्ट लक्ष्मीकांत सिंह ने एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरोप है कि गुडम्बा स्थित बिल्डिंग को ध्वस्त करने का आदेश चार साल पहले हुआ था,इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। बिल्डिंग में व्यावसायिक गतिविधियां हो रही हैं। इस मामले में क्षेत्रीय अभियंता और जोनल अधिकारी पर अवैध निर्माणकर्ता को संरक्षण देने का आरोप है। लक्ष्मीकांत का कहना है कि फील्ड के अफसर या अवैध निर्माण की या लंबित कार्रवाई की शिकायत करनी हो तो एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार फोन तक नहीं उठाते हैं।

दरअसल,अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद सीएम ने अवैध निर्माण को लेकर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वहीं इस कार्रवाई की जद में एलडीए के अभियंता आ गए हैं। एलडीए वीसी ने कार्रवाई करते हुए जोनल अफसरों समेत 18 इंजीनियरों के खिलाफ की संस्तुति की है। जिनमे तत्कालीन विहित प्राधिकारी के साथ ही प्रवर्तन जोन-4 में तैनात रहे 05 जोनल अफसरों, 06 सहायक अभियंताओं एवं 06 अवर अभियंता शामिल है।
वहीं शहर भर में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर जिम्मेदार एलडीए वीसी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरटीआई एक्टिविस्ट ने एलडीए वीसी के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत की है। वहीं अलीगंज अग्निकांड को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार को शिकायत करते हुए एलडीए वीसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। लक्ष्मीकांत का कहना है कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई न करने के लिए खुद एलडीए वीसी भी जिम्मेदार हैं।
आरोप है कि गुडम्बा इलाके में पूर्व पार्षद रामू पाल पर बिना नक्शा पास कराए 4 मंजिला अवैध इमारत बना ली। 2022 में बिल्डिंग के ध्वस्तीकरण के आदेश हो चुके थे। मामला मंडलायुक्त की कोर्ट में गया, वहां भी खारिज कर दिया गया। लक्ष्मीकांत का कहना है कि इस मामले में उन्होंने एलडीए वीसी से सीधे शिकायत की। आरोप है कि एलडीए वीसी फोन तक नहीं उठाते हैं। वहीं अवैध निर्माण करता को उस अवैध निर्माण को बचाने का मौका दे रहे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
