गंगा नदी में डूबने से किशोर की मौत, गांव में मचा कोहराम
मीरजापुर। जिगना थाना क्षेत्र के गौरा गांव के परमानपुर मजरा के सामने स्थित गंगा घाट पर गुरुवार की सुबह एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। 14 वर्षीय सत्यम पाल भेड़-बकरियों को नहलाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। मृतक सत्यम पाल गौरा गांव के शिवराजपुर मजरा निवासी जवाहरलाल पाल का पुत्र था। वह गुरुवार सुबह अपने चचेरे भाई महेंद्र के साथ करीब दो किलोमीटर दूर गंगा घाट पर भेड़-बकरियां नहलाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ गया महेंद्र यह देखकर घबरा गया और शोर मचाते हुए घर की ओर दौड़ा।
घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग भारी संख्या में घाट पर पहुंच गए। सूचना पर मृतक के माता-पिता अनीता देवी व जवाहरलाल पाल भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक तलाश की। अंततः सौ मीटर पूरब में शव बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
टिप्पणियां