कौशाम्बी पुलिस ने लौटाई 25 लाख की मुस्कान, 121 खोए-चोरी हुए मोबाइल बरामद कर स्वामियों को सौंपा
सीईआईआर पोर्टल, सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण की मदद से मिली बड़ी सफलता, मंझनपुर थाना रहा पहले स्थान पर
कौशाम्बी। जिले में पुलिस ने खोए, चोरी हुए और स्नेचिंग के शिकार मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 121 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों तथा विभिन्न थानों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर कार्रवाई की गई। सर्विलांस टीम, सीसीटीएनएस पुलिस टीम और थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मैनुअल इनपुट का गहन विश्लेषण कर विभिन्न कंपनियों के 121 मोबाइल फोन बरामद किए। पहचान सुनिश्चित करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल केंद्र सरकार का एक केंद्रीकृत नागरिक पोर्टल है, जिसके माध्यम से चोरी, गुम या छीने गए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने के साथ-साथ ट्रैक भी किया जा सकता है। आम नागरिक अपने मोबाइल के गुम होने या चोरी होने की सूचना स्वयं ceir.gov.in पर ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। थानों में प्राप्त शिकायतों को भी इसी पोर्टल पर अपलोड कर ट्रैकिंग की जाती है, जिससे देश के किसी भी हिस्से में सक्रिय मोबाइल को खोजकर संबंधित थाना पुलिस की मदद से बरामद कराया जा सकता है।
मोबाइल बरामदगी में जनपद के थानों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। थाना मंझनपुर ने सर्वाधिक 20 मोबाइल बरामद कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। थाना सराय अकिल ने 19 मोबाइल बरामद कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि थाना पश्चिम शरीरा ने 18 मोबाइल बरामद कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल अथवा नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
