ललिता गौतम हत्याकांड के बाद मेरठ में तनाव, गांव बना पुलिस छावनी, बाहरी लोगों की एंट्री बंद
प्रदर्शन और लाठीचार्ज के बाद प्रशासन अलर्ट, भारी पुलिस बल तैनात; परिजन कर रहे अतिरिक्त आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र में हुए ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर हुए धरना-प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को कल्याणपुर गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रशासन के अनुसार, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से गांव पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणाएं की गई थीं। इसके मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव की घेराबंदी की गई।
गुरुवार सुबह से ही गांव के प्रमुख रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। वहीं, सुरक्षा कारणों से मीडिया कर्मियों को भी गांव के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन स्थिति पर नजर बनाए रहे।
यह है पूरा मामला
टीपीनगर थाना क्षेत्र की बीए की छात्रा ललिता गौतम 15 मई की सुबह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहटा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी अंकुश उसे अगवा कर उकसिया गांव ले गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गन्ने के खेत में छात्रा पर शादी का दबाव बनाया। छात्रा के इनकार करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अपहरण और हत्या के आरोप में अंकुश को गिरफ्तार किया, जबकि साक्ष्य छिपाने के आरोप में खेत मालिक आदेश और एक अन्य व्यक्ति पर भी कार्रवाई की गई।
वहीं, पीड़ित परिवार ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए आरोपी के भाई, पीएसी के सिपाही अंकित और उसकी मां की गिरफ्तारी की मांग की थी। इसी मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हुआ और पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
इस दौरान एसएसपी अविनाश पांडेय के एक वकील को थप्पड़ मारने के मामले ने भी तूल पकड़ लिया। फिलहाल प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
