मोबाइल-पैसों के लालच में दोस्त ने की थी ई-रिक्शा चालक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
दुबग्गा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
- आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे फेंका था शव
- परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया था प्रदर्शन
लखनऊ। काकोरी में ऑटो खरीदने निकले दिलीप रावत (30) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गुरुवार तड़के आरोपी मुजीब उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया। आरोपी ने मोबाइल और पैसों के लालच में शराब के नशे में दिलीप की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि काकोरी थाना क्षेत्र के दोनो गांव निवासी दिलीप मंगलवार को करीब 80 हजार रुपये लेकर मुजीब के साथ ऑटो खरीदने निकले थे। उन्होंने ऑटो एजेंसी में 50 हजार रुपये जमा किए और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए एक हजार रुपये दिए। इसके बाद दोनों ने शराब पी और दिलीप ने एक नया मोबाइल भी खरीदा। देर रात तक दिलीप के घर न लौटने पर परिजनों ने मुजीब के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। बुधवार शाम भलिया गांव के पास झाड़ियों में दिलीप का खून से सना शव मिला, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।घटना से आक्रोशित परिजनों ने बुधवार शाम को शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।
ये खबर भी पढ़े : सात फीट का मगरमच्छ बस्ती में पहुंचा, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जलाशय में छोड़ाआरोपी की गिरफ्तारी के साथ आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने लगातार दबिश देकर गुरुवार तड़के 3:35 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी मुजीब ने बताया कि लौटते समय दिलीप का नया मोबाइल और उसके पास मौजूद पैसे देखकर उसके मन में लालच आ गया। नागेश्वर मंदिर के आगे उसने सिगरेट पीने के बहाने ई-रिक्शा रुकवाया और पीछे से गमछे से दिलीप का गला कस दिया।
दिलीप की मौत होने के बाद शव को ई-रिक्शा में डालकर एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड किनारे फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, 4,800 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, साक्ष्य मिटाने समेत अन्य धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दिलीप अपने पीछे पत्नी खुशबू, 10 वर्षीय बेटी लक्ष्मी और छह वर्षीय बेटे रितिक को छोड़ गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
