अनंत नगर में नहीं कटेंगे पेड़, एलडीए करेगा 8,000 वृक्षों का प्रत्यारोपण
प्रदेश का सबसे बड़ा वृक्ष प्रत्यारोपण अभियान होगा ये, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना का निरीक्षण करके दिये निर्देश
- सेक्टर-01 एवं 04 में विकास कार्य की धीमी प्रगति पर मेसर्स राजलक्ष्मी व डी0पी0 इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 12.5 लाख रूपये का जुर्माना
लखनऊ। मोहान रोड पर विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग 8,000 पेड़ों को काटने के बजाये प्रत्यारोपित किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना का निरीक्षण करके इस बाबत निर्देश दिये हैं। जिसके क्रम में विशेषज्ञ संस्था द्वारा जल्द ही पेड़ों के सर्वे का कार्य शुरू कराया जाएगा। इतनी बड़ी संख्या में वृक्ष प्रत्यारोपण का यह प्रदेश का सबसे बड़ा अभियान होगा।

ये खबर भी पढ़े : गोरखपुर के प्रसिद्ध उद्यमी ओमप्रकाश जालान का निधन, मेंदाता अस्पताल में ली अंतिम सांसएलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि अनंत नगर योजना में प्रस्तावित 45, 24 एवं 12 मीटर चौड़ी सड़कों के एलाइनमेंट में लगभग 8,000 पेड़ आ रहे हैं। जिसमें प्रथम चरण में 2,098 पेड़ों को हटाया जाना अनिवार्य है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये हैं कि इन पेड़ों को काटने के बजाये योजना में विकसित किये जाने वाले पार्कों/ग्रीन बेल्ट में प्रत्यारोपित किया जाए। इसके लिए दक्ष संस्था का चयन करते हुए बरसात के मौसम में ही कार्य पूर्ण करा लिया जाए। उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि पेड़ों की शिफ्टिंग से पहले कास्तकारों को प्रतिकर का भुगतान कर दिया जाए।
लापरवाही पर ठेकेदारों पर जुर्माना
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना में किये जा रहे निर्माण कार्यों का भी मुआयना किया। समीक्षा में पाया गया कि सेक्टर-1, पॉकेट-ई में 9, 12, 18 एवं 24 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं कराया गया है, जबकि कार्यदायी संस्था मेसर्स डी0पी0 इन्फ्रास्ट्रक्चर को कार्यादेश जारी किया जा चुका है।
इस पर उपाध्यक्ष ने संस्था पर 5 लाख रूपये का जुर्माना लगाने के आदेश दिये हैं। इसी तरह सेक्टर-1 एवं 4 में 45 मीटर चौड़ी सड़क, ट्रेंच, सीवरेज एवं ड्रेन निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था मेसर्स राजलक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर 7.50 लाख रूपये का जुर्माना रोपित किया गया है।
प्रत्येक सप्ताह देनी होगी रिपोर्ट
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्देशित किया कि योजना के सभी सेक्टरों में निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए। साथ ही बरसात के दृष्टिगत मिट्टी भराई एवं लेवलिंग आदि के कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराये जाएं। उन्होंने मुख्य अभियंता को प्रत्येक सप्ताह योजना का निरीक्षण करके प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिये हैं।
नादरगंज से अनंत नगर तक सड़क चौड़ीकरण
कानपुर रोड से नादरगंज होते हुए अनंत नगर योजना को जोड़ने वाली लगभग 05 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण, आर0सी0सी0 ड्रेन एवं ट्रेंच का कार्य प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने इसका निरीक्षण करके अक्टूबर, 2026 तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों को कवर कर दिया जाए, जिससे कि किसी भी तरह के हादसे की संभावना न रहे। इस मौके पर प्रभारी अधिकारी (अर्जन) विराग करवरिया, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
