मजार पर कथित लव जिहाद व धर्मांतरण के आरोप पर बवाल, चार युवक हिरासत में
शहजादपुर गांव में विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात; पुलिस बोली- निष्पक्ष जांच के बाद होगी कार्रवाई
कौशाम्बी। जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव स्थित एक मजार पर गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने मजार पर कथित लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए चार मुस्लिम युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र तिवारी, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार शुक्ला तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
ये खबर भी पढ़े : वाराणसी: प्राकृतिक खेती को मिलेगा नया बल: शुरू होगा गो-आधारित कृषि का पायलट प्रोजेक्टघटना के बाद बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता कोखराज थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत कराने की भी व्यवस्था की जा रही है।
बजरंग दल के जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि उनकी टीम पिछले छह माह से गुरुवार के दिन मजार पर कथित लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियां होने की सूचना के आधार पर नजर रख रही थी। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुलिस अथवा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए चार युवकों से पूछताछ जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
