दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस धूमधाम से मनाया गया
डीएफओ कीर्ति चौधरी ने मेधावी छात्र हुए सम्मानित
ललित वर्मा / शहनूर अली
निघासन-खीरी। 29 जुलाई ( तरुणमित्र ) बम्हनपुर क्षेत्र के उत्तर खीरी बफर जोन, दुधवा टाइगर रिजर्व के तत्वावधान में मंगलवार को मीरी पीरी खालसा एकेडमी में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) कीर्ति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके नेतृत्व में वन विभाग और विद्यालय प्रशासन के संयुक्त प्रयास से विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएफओ कीर्ति चौधरी ने बच्चों को बाघों के महत्व, पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका तथा वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाघ हमारे जंगलों की शान हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बच्चों से प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विश्व बाघ दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों और चित्रों के माध्यम से बाघ संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को वन विभाग के अधिकारियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मझगई रेंज के रेंजर अंकित सिंह, डिप्टी रेंजर मनोज कुमार यादव, वन कर्मी सतीश चंद्र मिश्रा सहित मझगई रेंज की पूरी टीम उपस्थित रही। विद्यालय की ओर से प्रिंसिपल जगरूप सिंह एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल जगरूप सिंह ने वन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति, वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
