Ulhasnagar: बेटी, दूसरी जाति के लड़के से करती थी प्यार
मां ने दुपट्टे से घोंट दिया गला; हुई मौत!
By Rajesh Jaiswal
ठाणे। ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-2 से ऑनर किलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मां ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। बेटी का दूसरी जाति के युवक से प्रेम संबंध था, जिसका मां लगातार विरोध कर रही थी। इसी विवाद के चलते यह वारदात हुई। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला की पहचान आशा गरुड के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि उल्हासनगर के भय्यासाहेब आंबेडकर नगर में रहने वाली आशा दत्ता गरड (४०) की बेटी का दूसरी जाति के एक युवक से प्रेम संबंध था। मां इस रिश्ते से खुश नहीं थी, इसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार की देर रात घर में मां और बेटी मौजूद थीं. इसी दौरान दोनों के बीच एक बार फिर प्रेम संबंध को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर मां ने दुपट्टे से बेटी का गला घोंट दिया, जिसके बाद दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में हड़कंप मच गया। मृतका के पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उल्हासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। उल्हासनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष अव्हाड ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, घटना से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल, आरोपी मां पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश जायसवाल को पत्रकारिता क्षेत्र में 25 वर्षों का अनुभव है। अपने लंबे करियर में उन्होंने समाचार लेखन और रिपोर्टिंग के विभिन्न दायित्व निभाए हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में कार्यरत हैं।
