बारिश के कारण कक्षा प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के विद्यालयों में अवकाश
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और मौसम विभाग द्वारा प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए 24 अगस्त को जिले के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक ने अलग-अलग आदेश जारी कर विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने जारी आदेश में कहा है कि 24 अगस्त को जनपद के प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक संचालित सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त एवं शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य ने कक्षा छह से 12वीं तक संचालित सभी माध्यमिक विद्यालयों में भी शिक्षण कार्य स्थगित रखने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में कहा गया है कि लगातार हो रही बारिश तथा मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं जनहित में यह निर्णय लिया गया है। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाध्यापिकाओं को आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के साथ ही बच्चों के अभिभावकों को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा और जोखिम से बचाने के लिए यह कदम उठाया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
