मीरजापुरः अहरौरा में 24 करोड़ की योजना से बदलेगी जल निकासी व्यवस्था
- एसटीपी से दूर होगी गंदे पानी की समस्या
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अहरौरा नगर क्षेत्र में जल निकासी की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में पहल तेज हो गई है।
नगर से निकलने वाले दूषित पानी के उचित निस्तारण के लिए करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल के प्रयास से तैयार प्रस्ताव को शासन की स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
योजना के तहत नगर क्षेत्र से निकलने वाले गंदे पानी को एक विशेष ड्रेन नाले के माध्यम से एसटीपी तक पहुंचाया जाएगा। यहां पानी का शोधन करने के बाद उसका सुरक्षित निस्तारण किया जाएगा।
इससे जहां नगर में गंदे पानी के जमाव और जल निकासी की समस्या कम होगी, वहीं आसपास के किसानों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अहरौरा नगर में लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों और बस्तियों से निकलने वाला दूषित पानी नालियों के रास्ते खेतों तक पहुंच रहा था।
इससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ ही किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा था। स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
एसटीपी निर्माण के बाद दूषित पानी को खेतों में जाने से रोका जा सकेगा और नगर की स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आएगा। प्रस्ताव में प्लांट के साथ जल निकासी के लिए आवश्यक संरचनाओं के निर्माण को भी शामिल किया गया है।
मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने बताया कि अहरौरा नगर की जल निकासी समस्या को देखते हुए एसटीपी का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
धनराशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद नगरवासियों और किसानों दोनों को इसका लाभ मिलेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
