बंगाल में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश का दौर जारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में रविवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में आसमान बादलों से घिरा है और रुक-रुककर बारिश हो रही है।
खड़गपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में सुबह करीब छह बजे से रुक-रुककर बारिश जारी है। विष्णुपुर में भी सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं बांकुड़ा, घाटल, झाड़ग्राम और दासपुर में तड़के से ही घने बादल छाए हुए हैं।
कोलकाता, हावड़ा और हुगली में फिलहाल एक जैसा मौसम बना हुआ है। यहां तापमान करीब 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच है। आसमान में ज्यादातर समय घने बादल छाए हैं।
हवा में नमी 80 प्रतिशत से अधिक होने के कारण काफी उमस महसूस हो रही है। अगले कुछ घंटों में इन इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश या अचानक तेज बौछार पड़ने की संभावना है।
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मेदिनीपुर के दोनों जिलों, झाड़ग्राम और दक्षिण 24 परगना में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल में भी रविवार को सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग कि जानकारी अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में उसी क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके कारण राज्य में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।
अलीपुर मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को भी दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
