मानसिक तनाव में युवक ने जन्मदिन के दिन लगाई फांसी, परिजनों में शोक की लहर
ड्यूटी से घर लौटने के बाद आकाश ने परिवार से की थी बातचीत
- इसी दौरान घर में कुछ कहासुनी हुई
लखनऊ। चिनहट में 27 वर्षीय युवक ने अपने जन्मदिन पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे गंभीर हालत में फंदे से उतारकर निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार युवक पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था।
मृतक की पहचान आकाश वाल्मीकि पुत्र भंडारी लाल के रूप में हुई है। वह आकाशवाणी स्थित फातिमा अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम ड्यूटी से घर लौटने के बाद आकाश ने परिवार के लोगों से बातचीत की। इसी दौरान किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई।
इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो आकाश फंदे से लटका मिला। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। परिजन तुरंत उसे फंदे से उतारकर निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई रोहित वाल्मीकि ने बताया कि गुरुवार को आकाश का जन्मदिन था। परिवार का आरोप है कि वह पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था। हालांकि तनाव की वजह क्या थी, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
