सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में अहम पहल
— छावनी बोर्ड में निशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

लखनऊ। एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस कैंसर की रोकथाम का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को लक्षित कर चलाया जा रहा यह अभियान भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ये बातें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एन.बी. सिंह ने कही।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग और लखनऊ छावनी परिषद के संयुक्त प्रयासों से संचालित यह अभियान गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।कार्यक्रम का शुभारंभ जनरल ऑफिसर कमांडिंग ,जीओसी, सब एरिया, की धर्मपत्नी संगीता कुकरेती ने किया। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है और इसे स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लगाया जा रहा है। अभियान के दौरान अभिभावकों को भी टीके की उपयोगिता, सुरक्षा और आवश्यकता के बारे में जानकारी दी जा रही है, ताकि वे बिना किसी भ्रम के अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करा सकें। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित आयु वर्ग की अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, क्योंकि यह भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण निवेश है। अभियान के आयोजन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले मुख्य अधिशासी अधिकारी, छावनी परिषद अभिषेक राठौर ने अभिभावकों से अपील की कि वह 14 से 15 वर्ष तक की किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण कराएं और सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी से उन्हें सुरक्षित करें।
डॉ संदीप सिंह ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। टीकाकरण के लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती, कोल्ड चेन व्यवस्था तथा वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही टीकाकरण के बाद किशोरियों के स्वास्थ्य की भी निगरानी की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में इसकी प्रभावशीलता पर प्रकाश डाला गया। अभियान के प्रथम दिन कुल 22 पात्र बालिकाओं का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर आर. के. मिश्रा, अध्यक्ष, लखनऊ छावनी परिषद, पल्लवी मिश्रा, नामित सदस्य प्रमोद शर्मा, लखनऊ छावनी परिषद के विद्यालयों के शिक्षक, परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी, बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
