यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, पांच आईपीएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
रामपुर-ललितपुर और लखनऊ में बदले पुलिस कप्तान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस प्रशासन में बदलाव करते हुए शुक्रवार को पांच आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में रामपुर, ललितपुर और लखनऊ समेत कई अहम पदों पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
शासन के आदेश के अनुसार आईपीएस अनिल कुमार सिंह को सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ से स्थानांतरित कर रामपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, रामपुर के एसपी पद पर तैनात सोमेंद्र मीणा को अब क्षेत्रीय अभिसूचना, आगरा में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक का तबादला कर उन्हें पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। उनकी जगह संजीव कुमार बाजपेयी को ललितपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके साथ ही लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त रहे गोपाल कृष्ण चौधरी को 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ का सेनानायक बनाया गया है।
प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक बदलाव को पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। नई तैनाती पाने वाले सभी अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
