विश्वास व विवेक खंड में मंत्री ने किया नाला का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
600 मीटर लंबे नाले का 500 मीटर निर्माण पूरा
- आसपास के क्षेत्र को जलभराव से मिलेगी बड़ी राहत
लखनऊ। शुक्रवार गोमतीनगर के विश्वास खंड एवं विवेक खंड क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण एवं नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षाकाल में नागरिकों को जलभराव अथवा जल निकासी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री शर्मा ने विश्वास खंड में निर्माणाधीन 600 मीटर लंबे नाले का जायजा लिया।अधिकारियों ने अवगत कराया कि इसमें 500 मीटर नाले का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि इस नाले के पूर्ण होने के बाद विश्वास खंड सहित आसपास के क्षेत्रों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और वर्षा का पानी तेजी से निकलेगा। इसके साथ ही मंत्री शर्मा ने नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सफाई कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी निर्बाध बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वर्षाकाल के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जहां कहीं भी जल निकासी में बाधा हो उसे तत्काल दूर किया जाए तथा जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान मंत्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नगर विकास विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है। इस दौरान मंत्री शर्मा ने निर्माणाधीन शक्ति उपवन का भी निरीक्षण किया।उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि शक्ति उपवन में वृहद वृक्षारोपण कराते हुए डिस्प्ले लगाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाए। भ्रमण के दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं अपर नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
