मोदी सरकार के 11 वर्ष: सेवा, सुशासन और गरीब-कल्याण का स्वर्णिम कालखंड : डॉ. राजीव बिंदल
मंडी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रविवार को सुंदरनगर में आयोजित संगठनात्मक जिला कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने इन 11 वर्षों को भारत के पुनरुत्थान का कालखंड बताया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2014 भारतीय इतिहास में एक टर्निंग प्वाइंट बनकर सामने आया, जब देश को भ्रष्टाचार और घोटालों से त्रस्त राजनीतिक परिदृश्य से उबार कर एक निर्णायक नेतृत्व मिला। उन्होंने कांग्रेस के 2004 से 2014 तक के कार्यकाल को घोटालों का दशक बताते हुए कोयला, 2जी, 3जी, कॉमनवेल्थ, हेलिकॉप्टर और भूमि घोटालों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उस समय भारत की अंतरराष्ट्रीय साख को गहरा धक्का लगा और अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर पहुंच गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि आज भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में चौथे स्थान पर है। जिस देश को कभी फ्रैजाइल इकोनॉमी कहा जाता था, वह अब एक मजबूत विकास मॉडल बन चुका है।
उन्होंने केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि फोरलेन और नेशनल हाईवे का विस्तार, 5जी नेटवर्क, एयरपोर्ट्स का विकास, एक लाख से अधिक मेडिकल सीटों का सृजन, 8 नए एम्स, 7 आईआईएम और कई आईआईटी, ट्रिपल आईटी संस्थान स्थापित कर शिक्षा और स्वास्थ्य में क्रांति लाई गई है।
डॉ. बिंदल ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए कदमों को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि भारत अब हथियारों का निर्यातक बन गया है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयरस्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्रवाइयों ने भारत की सामरिक शक्ति को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया।
कांग्रेस पर हमला करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि "कांग्रेस ने 'गरीबी हटाओ' के नारे देकर केवल जनता को गुमराह किया, जबकि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा के सशक्तिकरण के लिए ठोस योजनाएं दी हैं।"
उन्होंने धारा 370 और 35ए की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, तीन तलाक की समाप्ति और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने जैसे निर्णयों को राष्ट्रीय पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।
डॉ. बिंदल ने कहा, “आज जो लोग संविधान की दुहाई दे रहे हैं, वही कांग्रेस नेता हैं जिन्होंने सत्ता के लिए आपातकाल थोपकर संविधान को रौंदा और 88 बार संशोधन कर उसकी आत्मा से खिलवाड़ किया।” उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ संविधान और राष्ट्र की गरिमा को आगे बढ़ा रही है।
टिप्पणियां