जनपद को विकास कार्यों में मिली 33 वी रैंक, सुधार के दिए निर्देश
बदायूं। 50 लाख रुपए से अधिक व कम लागत के भवन व सड़क निर्माण तथा मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आहूत बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने अधूरे निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण करने के लिए कहा। बैठक के दौरान पाया गया की जून 2026 में जनपद को प्रदेश में विकास कार्यों में 33वीं रैंक, राजस्व कार्याें में 15वीं तथा संयुक्त रूप से 19वीं रैंक प्राप्त हुई है, जिसके सुधार के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज, राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल ज़रीफनगर, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की एक-एक कर समीक्षा की गई व आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए गए। निर्देशित किया कि जिसके जिन निर्माण कार्य के लिए बजट की आवश्यकता है उसकी मांग शासन से समय से कर ली जाए ताकि निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराया जा सके। उन्होंने सड़कों की मरम्मत कराने के लिए भी कहा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बदायूं ककराला मार्ग व उझानी ककोड़ा मार्ग पर सड़कों पर झाड़ियां हैं जिनकी छटाई वन विभाग द्वारा कराई जाती है इसके लिए उनके पास बजट भी उपलब्ध है, सीडीओ ने अधिशासी अभियंता से कहा कि वह इसकी सूची दें ताकि कार्य को कराया जा सके।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे मिट्टी भराई का कार्य मनरेगा से कराने के लिए कहा, जिस पर सीडीओ ने सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा, ताकि कार्य को मनरेगा से कराया जा सके। अधिशासी अभियंता ने बताया कि बदायूं दातागंज सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले 83 कार्यक्रमों में जून 2026 में जनपद को विकास कार्य में 33वीं रैंक प्राप्त हुई है जिसमें 54 परियोजनाओं व कार्यक्रम में ए श्रेणी, 06 में बी श्रेणी, 01 में सी श्रेणी व 02 में डी श्रेणी प्राप्त हुई है, 20 ऐसे कार्यक्रम व परियोजनाएं हैं जिसमें श्रेणियां नहीं दी जाती हैं।
जिन 06 कार्यक्रमों व परियोजनाओं में बी श्रेणी प्राप्त हुई है उनमें जननी सुरक्षा योजना, 15 वित्त आयोग ग्राम पंचायत, पांचवा वित्त आयोग ग्राम पंचायत, सेतुओं का निर्माण, नई सड़कों का निर्माण, निर्माण कार्य सीएमआईएस हैं तथा सी श्रेणी फैमिली आईडी के कार्य में प्राप्त हुई है। डी श्रेणी आईसीडीएस पोषण योजना आदि में प्राप्त हुई है। बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
