संदिग्ध परिस्थितियों में मिला अधेड़ का शव, पुलिस ने पीएम को भेजा
शव मिलने से मचा हड़कंप पुलिस को दी जानकारी
मोहम्मद अय्यूब, उतरौला संवाददाता
उतरौला (बलरामपुर)। रेहरा थाना क्षेत्र के महदेइया सिरसिया निवासी अब्बू (55) पुत्र मिन्नन का शव गुरुवार रात लगभग आठ बजे उसके घर से लगभग दो सौ मीटर दूर संजू प्रधान के खेत में मिला। मृतक शाम लगभग सात बजे शौच के लिए निकला था। देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की अनुज वधू नजमा ने बताया कि इसी मंगलवार को बकरियों के विवाद में गांव की ही शमीम बानो से अब्बू का विवाद हो गया था। इसके बाद शमीम बानो व उसके दामाद इसरार ने अब्बू को बुरी तरह पीटा था और पेहर पुलिस चौकी पर शिकायती पत्र भी दे दिया था।
बुधवार को पुलिस चौकी पर तैनात आरक्षियों ने भी अब्बू को लाठियों से बुरी तरह पीटने के बाद मामले में सुलह करवा दिया था। तबसे मृतक गुमसुम रहने लगा था। नजमा ने बताया कि शौच जाते समय ही उसके जेठ की हत्या विपक्षियों ने कर दी है क्योंकि जिस जगह शव बरामद हुआ है वहां जमीन पर संघर्घ होने के निशान हैं। थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं मिली है, पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
