उतरौला में चला वाहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों का कटा चालान
प्रेशर हॉर्न और बिना हेलमेट वालों पर पुलिस ने की विशेष रूप से जांच
उतरौला(बलरामपुर)। उतरौला में नायब तहसीलदार अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने श्यामा मुखर्जी चौराहा पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले और खराब या अपठनीय नंबर प्लेट वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की सलाह दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने और वाहनों पर स्पष्ट एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने के लिए भी जागरूक किया।
नायब तहसीलदार अजीत प्रताप सिंह ने वाहन चालकों को बताया कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जोर दिया कि यातायात नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चेकिंग और प्रवर्तन की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
