दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने संभाली जांच
बैंककर्मी ने पत्नी-बहन को मारी गोली, मौके से दो पिस्टल, तमंचा और मोबाइल बरामद
गोमतीनगर में पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचा मानस बाजपेई, बीमार बहन को मारकर खुदकुशी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर को एक बैंक कर्मी ने पत्नी और बहन की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली है। दोहरी हत्या और खुदकुशी के मामले की जांच के लिए पुलिस कमिश्रर तरूण गाबा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस को घटना के पास से दो पिस्टल एक तमंचा मिला है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
सयुंक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था बब्लू कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में कार्यरत बैंक कर्मी मानस बाजपेई का पत्नी दिव्या मिश्रा से पिछले एक साल से विवाद चल रहा है। उनकी कोई संतान नहीं थी। दिव्या आईसीआईसी बैंक गोमतीनगर में रिलेशनशिप मैनेजर के पद थी। पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा उनकी बहन है। पति मानस से रिलेशन खराब होने पर पिछले साल ही दिव्या ने तलाक की अर्जी थी। वह पति को छोड़कर आलमबाग में रह रही थी। वहीं, मानस अपनी बीमार बहन सीबा के साथ हुसड़िया चौराहे के पास एक किराये के मकान में रहते थे। उनके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी थी।

गुरुवार दोपहर को मानस पत्नी दिव्या से मिलने उसके बैंक पहुचा। फोन करके बाहर बुलाकर दोनों बातचीत कर रहे थे, इसी दौरान उसने दिव्या को गोली मारकर भाग गया। घर पहुंचकर उसने घर का मुख्य दरवाजा बंद करके कमरे में पहले बहन को गोली मारकर हत्या कर दी, फिर खुद को गोली से उड़ा दिया।
वारदात के बाद उसने अपने व्हाटसअप नंबर पर एक स्टेटस लगा रखा था। इसमें उसने लिखा कि मैने पत्नी की हत्या कर दी क्योकि उसने मुझे धोखा दिया। अब मुझे अपनी बहन को मारना है। दिव्या की बहन प्रज्ञा और उसके पति भरत को सब पता है। इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। पड़ोसी अंकुर ने मानस का जब स्टेटस देखा तो वह फौरन घर की ओर भागा तो देखा कि दरवाजा भीतर से बंद है और अंदर टेलीविजन चल रहा था।

काफी घबराया हुआ था मानस
घर के पास ही फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले लवकुश ने बताया कि दोपहर जब उन्होंने मानस को देखा तो वह काफी घबराया हुआ और पसीने से भीगा हुआ था। जब उन्होंने हालचाल उससे पूछा तो वह बिना कुछ बोले घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी का बयान
पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गोमतीनगर थानाक्षेत्र के आईसीआईसी बैंक के बाहर एक महिला की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने जांच कर रही थी। इसी दौरान यह पता चला है कि हुसड़िया चौराहे पर एक व्यक्ति ने महिला की हत्या कर खुदकुशी कर ली।
जांच में पाया गया कि एसबीआई कर्मचारी मानस बाजपेई ने ही पहले आईसीआईसी बैंक के बाहर पत्नी की गोली मारकर हत्या की फिर घर आकर बहन की गोली मारकर हत्या के बाद खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और एक तमंचा, मोबाइल बरामद किया है। मानस की बहन काफी दिनों से बीमार चल रही थी। सवाल यह उठता है कि मानस ने अपनी बहन को क्यों मारा। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है। फारेसिंक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।

पांच साल से मानस को छोड़कर अलग रही थी बहन दिव्या
ममेरे भाई मयंक दीक्षित ने बताया कि दिव्या की हत्या की सूचना फोन के जरिए मिली थी। हत्या उनके पति मानस ने की थी, फिर घर जाकर उन्होंने अपनी बहन को मारा डाला और खुद खुदकुशी कर ली है। घटना से पहले मानस ने जो स्टेटस लगाया है, जिसमें लिखा, पत्नी की बहन प्रज्ञा और बहनोई भरत को उनके बारे में पता है। जबकि उन दोनों को उनके बारे में कुछ भी मालूम नहीं है। शादी को आठ-दस साल हो गये है और पांच साल पहले से दिव्या मानस को छोड़कर अलग रह रही थी। एक साल पहले तलाक की अर्जी डाली थी।
पुलिस आयुक्त ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
पुलिस आयुक्त तरूण गाबा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मानस ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की। वहां से घर पहुंचा और बहन की हत्या कर खुदकुशी कर ली है। उसने घटना से पहले मोबाइल पर स्टेटस भी लगाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
