चकमार्ग की जमीन पर कब्जे की शिकायत, तहसील में लगाई गुहार
जमीन कब्जे की शिकायत लेकर ग्रामीण ने पहुंचे तहसील
मोहम्मद अय्यूब
- प्रशासन से कार्रवाई की मांग
उतरौला(बलरामपुर)। तहसील उतरौला क्षेत्र के ग्राम बैदौला थाना गेंडास बुजुर्ग में चकमार्ग की भूमि पर कथित कब्जे और रास्ते को अवरुद्ध किए जाने की शिकायत सामने आई है। गांव निवासी मो० मुर्तजा पुत्र मारूफ अली ने तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर चकमार्ग की जमीन को कथित भू-माफियाओं के कब्जे से बचाने तथा मौके की जांच कराकर रास्ते को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार गांव में स्थित चकमार्ग की भूमि पर कुछ लोगों अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों ने रास्ते की जमीन पर मिट्टी डालकर तथा ईंट की दीवाल खड़ी कर उसे अपने उपयोग में लेने की कोशिश की है। इससे ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता प्रभावित होने की आशंका है।
आरोप है कि चकमार्ग की जमीन को लेकर विवाद उत्पन्न किया जा रहा है और रास्ते को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों एवं मौके की स्थिति की जांच कराकर चकमार्ग की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
ग्रामीण ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सार्वजनिक रास्ते पर स्थायी कब्जे की स्थिति बन सकती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर चकमार्ग की पैमाइश कराने और यदि अवैध कब्जा पाया जाए तो उसे हटवाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि एवं चकमार्ग को सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
