भदोही में छुट्टा सांड के हमले में घायल मां-बेटे की मौत
वाराणसी ट्रामा सेंटर में चल रहा था उपचार
-घर से किराने का सामान लेने निकले थे माँ -बेटे
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में आवारा सांड के हमले में शुक्रवार की रात बाइक सवार माँ -बेटा घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था जहाँ शनिवार को उपचार के दाैरान दोनों की मौत हो गई।
गोपीगंज कोतवाली के पर्वतपुर गांव निवासी प्रियांशु सिंह अपनी माँ विनीता सिंह के साथ शुक्रवार शाम करीब 07:30 बजे बाइक से किराने की दुकान पर सामान लेने जा रहे थे। अमवां में दुकान के सामने पहुंचते ही वहां मौजूद आवारा पशुओं के झुण्ड से एक सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड के हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान लोग बीच बचाव को भी पहुंचे, लेकिन तब तक उन्हें काफी चोट लग चुकी थी। हादसे में घायल माँ-बेटे को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
प्रियांशु के पिता जनार्दन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह की करीब दस वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी। प्रियांशु मां बाप की इकलौती संतान था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
