बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जेपी नड्डा से मिले निशांत कुमार
पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री का किया अभिनंदन
पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र के समग्र विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण तथा प्रदेशवासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
निशांत कुमार ने बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों और भविष्य की प्राथमिकताओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग एवं समन्वय की आवश्यकता पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने केंद्र और बिहार सरकार के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग के माध्यम से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सशक्त बनाने तथा जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति देने को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
