सीडीओ ने किया निरीक्षण, बच्चों संग किया भोजन
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने सोमवार को विकासखंड जगत के प्राथमिक विद्यालय नरऊ बुजुर्ग एवं आंगनबाड़ी केंद्र नरऊ बुजुर्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से शिक्षा से संबंधित प्रश्न किए और उनके साथ भोजन भी किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक समेत समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। सीडीओ ने बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे-मील की गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई का अभाव और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई।
सीडीओ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय के रसोईघर समेत पूरे परिसर में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। इसके बाद सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र नरऊ बुजुर्ग का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को केंद्र पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को ड्यूटी अवधि में निर्धारित यूनीफार्म में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराया जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
