जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर उत्साह, सजीं गलियां, घर, दुकानें
बदायूं। पैगम्बर हज़रत मोहम्मद साहब की विलादत जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। इसको लेकर मुस्लिम क्षेत्रों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जगह-जगह घरों और गलियों को झालरों, झंडों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। शाम होते ही रोशनी से जगमगाती गलियां और सजे हुए घर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में इन दिनों खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों ने अपने घरों के साथ-साथ आसपास की गलियों को भी खूबसूरती से सजाया है। कई स्थानों पर हरे झंडे और रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक सजावट की गई है तो वहीं छतों पर तिरंगा भी लहराता दिखाई दे रहा है। रात के समय रोशनी से सजी गलियां क्षेत्र की रौनक को और बढ़ा रही हैं। बुधवार को निकाले जाने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर लोग लगातार जुटे हुए हैं। जुलूस में शामिल होने वाले लोगों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में कार्यक्रम को लेकर खुशी का माहौल नजर आ रहा है। मोहल्लों में जगह-जगह सजावट के साथ ही जश्ने ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों की झलक दिखाई दे रही है। घरों और गलियों की सुंदर सजावट से पूरा वातावरण खुशनुमा बना हुआ है। मुस्लिम क्षेत्रों में चारों ओर रोशनी, झालरों और इस्लामी झंडों से सजी गलियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी के निकलने के साथ ही मुस्लिम क्षेत्रों में जश्ने ईद मिलादुन्नबी की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। लोगों ने इस मौके को लेकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
बाज़ार में इस्लामी झंडों की जमकर बिक्री हो रही है। शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक इस्लामी झंडों की खूब मांग है। जुलूस ए मुहम्मदी के लिए खूबसूरत व आकर्षक झाकियां तैयार की जा रही है। इस मौके पर राजनैतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों समेत लोग जगह जगह जुलूस ए मुहम्मदी का इस्तकबाल और पानी, शरबत, फल,बिस्किट,मिठाई आदि के लंगर की व्यवस्था करते है। जगह जगह पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया जाता है। वहीं मुस्लिम समाज के लोग इबादत, गरीबों को सदका और दान करते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
