आईपीएस अधिकारी के पिता से जमीन खरीद फरोख्त का झांसा देकर 2.27 करोड़ की ठगी, मुकदमा दर्ज
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी आदर्शकांत शुक्ला के पिता राधाकांत शुक्ला की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ठगी की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित से मयूर विहार कॉलोनी में लगभग 13,150 वर्गफीट जमीन दिलाने का आश्वासन देकर 2.27 करोड़ रुपये लिए गए। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद तय समय पर जमीन का बैनामा नहीं कराया गया।
पीड़ित राधाकांत शुक्ला का यह भी आरोप है कि जिस जमीन के लिए उनसे धनराशि ली गई थी, उसे बाद में अधिक कीमत पर अन्य लोगों को बेच दिया गया। इस पर उन्होंने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इस मामले में विवेक गुप्ता, गोलू उर्फ निवेद प्रताप सिंह, शुभी सिंह, भावना रानी और विशाल समेत कई लोगों को नामजद किया है। शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा शनिवार को दर्ज कर लिया गया है।
नगर कोतवाल सुधीर सिंह का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जमीन से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
