खूंटी बाइपास और फोरलेन निर्माण में ढिलाई, भाजपा जिलाध्यक्ष ने गडकरी से लगाई गुहार
खूंटी बाइपास और फोरलेन परियोजना में तेजी लाने की मांग
- फोरलेन निर्माण एवं खूंटी बाइपास परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह
खूंटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार और वार्ड पार्षद अनूप साहू ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (पुराना एनएच-75ई) के फोरलेन निर्माण एवं खूंटी बाइपास परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया है।
जिलाध्यक्ष ने गुरुवार को बताया कि भारत सरकार ने 22 अगस्त 2024 को इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी राजपत्र अधिसूचना जारी कर दी थी। इसके बावजूद राज्य स्तर पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सकी है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा ने भी राज्य सरकार और जिला प्रशासन से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया था, ताकि लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ खूंटीवासियों को जल्द मिल सके।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि खूंटी बाइपास सड़क का शिलान्यास 10 मार्च 2026 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस दौरान लगभग 2500 करोड़ रुपये की लागत वाली दो सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया था। तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक 31.31 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना, जिसमें खूंटी बाइपास भी शामिल है, को 15 मार्च 2024 को 1907.31 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति मिली थी।
परियोजना के तहत 156.6 हेक्टेयर निजी भूमि तथा 15 हेक्टेयर वन भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया है कि आवश्यक कार्रवाई कर परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके और विकास को गति मिले।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
