गुजरात की मांजलपुर विस उपचुनाव का 14.27 फीसद मतदान पूरा, कांग्रेस ने दिया धरना
कलेक्टर कार्यालय के बाहर कांग्रेस का धरना
- दोपहर 12.30 बजे तक 14.27 फीसद मतदान
वडोदरा। गुजरात की वडोदरा शहर की मांजलपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को हो रहे उपचुनाव के तहत सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 7 से 10बजे के बीच 6.06 प्रतिशत और 11 बजे तक 14 फीसद इसके बाद दोपहर 12.30 बजे तक 14.27 फीसद मतदान दर्ज किया गया।
इस सीट पर 62 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 260 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जहां 2.19 लाख से अधिक मतदाता (1.11 लाख पुरुष और 1.07 लाख महिला) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मुकाबला भाजपा के सतीश पटेल और कांग्रेस के भीखाभाई रबारी के बीच है। इस बीच कांग्रेस ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ऋत्विज जोशी ने आरोप लगाया कि मतदान के दिन भी भाजपा नेता पार्टी के गमछे पहनकर खुलेआम प्रचार कर रहे हैं, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि वीडियो और शिकायतें देने के बावजूद पुलिस और चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
ये खबर भी पढ़े : साइकिल से सेमीकंडक्टर तक: मुरुगप्पा ग्रुप अब बनाएगा चिप्स, साणंद से होगी दुनिया तक सप्लाईकांग्रेस नेताओं ने अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर से मिलने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर उनकी बात सुने बिना वहां से चले गए। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और नारे लगाए—"चुनाव आयोग भाजपा का औजार बनना बंद करे।"
ऋत्विज जोशी ने कहा कि एक राष्ट्रीय दल की शिकायत को नजरअंदाज करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है और चुनाव आयोग को निष्पक्ष होकर कार्रवाई करनी चाहिए।
2022 में 60.48 प्रतिशत हुआ था मतदान
गौरतलब है कि वर्ष 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में मांजलपुर विधानसभा सीट पर 60.48 प्रतिशत मतदान हुआ था। चुनाव में भाजपा के दिवंगत विधायक योगेश पटेल ने 1,20,133 वोट हासिल कर कांग्रेस उम्मीदवार को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था। मांजलपुर सीट भाजपा का परंपरागत गढ़ मानी जाती है और इस बार भी पार्टी अपनी मजबूत बढ़त बरकरार रखने की कोशिश में जुटी है।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
