प्रदेश के 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों/प्रशिक्षकों को मिलेगा ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय
14 अगस्त तक करें आवेदन
आनंद मिश्रा
मऊ। जिला खेल अधिकारी डीपी सिंह ने बताया कि खेल विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय पर प्रशिक्षण कार्य से जोड़े जाने का प्रस्ताव है। इसके तहत प्रदेश के 34 आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, तैराकी, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, जूडो, कुश्ती तथा तीरंदाजी सहित 16 खेलों में प्रशिक्षण कराया जाएगा।
इस संबंध में पात्रता के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ऐसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अथवा प्रशिक्षक आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व कप अथवा विश्व चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया हो। इन प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को वरीयता दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार या ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक अथवा ऐसे प्रशिक्षक जिन्होंने ओलंपिक, विश्व कप, एशियन अथवा कॉमनवेल्थ खेलों में भाग लेने वाली भारतीय टीम को प्रशिक्षण दिया हो, भी पात्र होंगे। आवेदन करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम स्नातक होना आवश्यक है।
जिला खेल अधिकारी ने जनपद मऊ के इच्छुक एवं पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों तथा प्रशिक्षकों से अपील की है कि वे किसी भी कार्य दिवस में जिला खेल कार्यालय, मऊ से आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक अभिलेखों सहित 14 अगस्त 2026 तक कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें। इससे संबंधित अधिक जानकारी जिला खेल कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
