गुजरात में कल मांजलपुर विधानसभा सीट पर वोटिंग, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला
- निर्वाचन क्षेत्र के 2,19,494 मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे प्रयोग
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम थम चुका है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक योगेश पटेल के निधन से रिक्त हुई इस सीट पर गुरुवार (30 जुलाई) को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को होगी। इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर के नेतृत्व में मतदान की सभी प्रशासनिक, सुरक्षा और तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन क्षेत्र के 2,19,494 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,11,645 पुरुष, 1,07,847 महिला तथा दो तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
ये खबर भी पढ़े : गुजरात में बारिश का कहर: पानी से भरे नाले में बही कार, एक परिवार के 4 सदस्यों की मौतनिर्वाचन आयोग ने 62 स्थानों पर 260 मतदान केंद्र बनाए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदाता सुविधा के लिए केंद्रों के बाहर मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था भी रहेगी।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, 22 और 23 जुलाई को आयोजित होम वोटिंग सुविधा के तहत 107 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 90 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए नौ फ्लाइंग स्क्वॉड, तीन निगरानी टीमें, दो वीडियो सर्विलांस टीमें तैनात की गई हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ जनकल्याण के कार्य कर रही है। उन्हें विश्वास है कि मांजलपुर की जनता विकास की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए भाजपा उम्मीदवार को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
